भोपाल। भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए जिला ग्रामीण भोपाल कांग्रेस केश शिल्पी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जगदीश सेन ने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। शक्कर, खाद्य तेल, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार परेशान हैं।
जगदीश सेन ने कहा, “भाजपा के बूढ़े बैल सत्ता की मलाई खा-खाकर इतने मोटे हो गए हैं कि उन्हें गरीब की भूख दिखाई देना बंद हो गई है। शक्कर खा गए, तेल पी गए और अब गरीब की थाली में भी छेद कर दिया।”
उन्होंने कहा कि 2014 में महंगाई के खिलाफ बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज आम जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है।
“लाड़ली बहना बेहाल, जीजा का बुरा हाल”
सेन ने कहा कि एक ओर सरकार लाड़ली बहनों को आर्थिक सहायता देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर घरेलू बजट लगातार बढ़ती कीमतों से बिगड़ रहा है। पेट्रोल-डीजल, गैस, खाद्य तेल और अन्य जरूरी सामान महंगे होने से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
7 दिन में राहत नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिन के भीतर शक्कर, तेल, पेट्रोल-डीजल और गैस सहित आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो कांग्रेस बैरसिया से भोपाल और भोपाल से दिल्ली तक आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा, “अब लड़ाई आर-पार की होगी। सड़क पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करेंगे और महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।”





