राजू गुर्जर, निष्ठा, समर्पण और प्रतिभा का सम्मान; एचआरडी बूस्टिंग कार्यक्रम से क्षमता विकास एवं उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को मिला प्रोत्साहन
ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास और ग्रामीण परिवारों की आजीविका को सशक्त बनाने के लिए पिछले छह दशकों से समर्पित बाएफ लाइवलीहुड्स ने अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं तथा उनके परिवारों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सम्मानित कर एक प्रेरणादायी पहल की है। भोपाल में दिनांक 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय पीआरसी बैठक सह एचआरडी बूस्टिंग कार्यक्रम के दौरान संस्था के प्रति वर्षों से निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देने वाले कर्मचारियों को लॉन्ग सर्विस अवार्ड प्रदान किए गए। इसी अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ए एवं एस कैडर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के क्षमता विकास, नेतृत्व कौशल और कार्यकुशलता को सुदृढ़ करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
एचआरडी बूस्टिंग कार्यक्रम से क्षमता विकास और बेहतर कार्यप्रणाली को प्रोत्साहनः पीआरसी बैठक के प्रथम सत्र में आयोजित एचआरडी बूस्टिंग कार्यक्रम में बाएफ पुणे के वरिष्ठ मार्गदर्शक डॉ. ए.बी. पाण्डेय ने ए एवं एस कैडर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों की व्यावसायिक दक्षताओं को बेहतर बनाना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना, कार्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करना तथा संस्था के उद्देश्यों की प्रभावी प्राप्ति के लिए उनकी कार्यक्षमता को सुदृढ़ करना रहा।
डॉ. पाण्डेय ने अपने अनुभव एवं मार्गदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों को निरंतर सीखने, टीम भावना के साथ कार्य करने, आपसी समन्वय बढ़ाने और अपने कार्यक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्यरत संस्था के कर्मचारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि व्यक्तिगत दक्षताओं का विकास, जवाबदेही, नवाचार और सकारात्मक कार्यसंस्कृति किसी भी संगठन की दीर्घकालीन प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं।
दीर्घकालीन सेवाओं का सम्मान, समर्पण को मिली पहचानः किसी भी संस्था की वास्तविक शक्ति उसके समर्पित और अनुभवी कर्मचारी होते हैं। उनकी वर्षों की मेहनत, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता और संगठन के उद्देश्यों के प्रति निष्ठा ही संस्था को निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाती है। इसी भावना के साथ बाएफ लाइवलीहुड्स द्वारा कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं एवं योगदान को सम्मान देने के लिए विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर रामनारायण गुर्जर को 25 वर्षों की सेवाओं के लिए, कृष्णकुमार सेन, सोमला गामड़ एवं राजा साहू को 20 वर्षों की सेवाओं के लिए तथा शिवनारायण प्रजापति एवं रामेश्वर गुप्ता को 10 वर्षों की सेवाओं के लिए बाएफ की ओर से वरिष्ठ मार्गदर्शक डॉ. ए.बी. पाण्डेय, डॉ. रविराज जाधव, उपाध्यक्ष एवं रीजनल डायरेक्टर, वेस्ट रीजन, बाएफ, नासिक तथा संदीप काकड़े, राज्य प्रमुख, मध्यप्रदेश द्वारा सम्मानित किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को मिला प्रोत्साहनः बाएफ के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मेधावी बच्चों को सम्मानित करने की परंपरा के अंतर्गत प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं रुपये 5,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
सम्मानित विद्यार्थियों में बीटेक (कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग) में 81 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुश्री हिमांशी पाटीदार पिता जे.एल. पाटीदार; हायर सेकेंडरी परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुश्री महक रघुवंशी पिता देवीसिंह रघुवंशी; हाईस्कूल परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुश्री प्रियाल काकड़े, पिता संदीप काकड़े; तथा हाईस्कूल परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली सुश्री प्रियंका मालवीय पिता जितेन्द्र लिम्बोदिया शामिल हैं।
यह पहल विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान प्रदान करने के साथ-साथ कर्मचारियों के परिवारों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने, बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने का माध्यम है। विद्यार्थियों की सफलता का सम्मान करना संस्था की उस सोच को भी दर्शाता है, जिसमें प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और अगली पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को महत्व दिया जाता है।
सम्मान की संस्कृति से बेहतर कार्य और मजबूत संगठनः बाएफ लाइवलीहुड्स ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों की आजीविका में सुधार, कृषि एवं उद्यानिकी विकास, पशुधन संवर्धन, महिला सशक्तीकरण तथा ग्रामीण समुदायों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। इन लक्ष्यों की प्राप्ति में संस्था के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का योगदान महत्वपूर्ण है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में समुदायों के साथ काम करने वाले कार्यकर्ताओं से लेकर कार्यक्रमों का मार्गदर्शन एवं संचालन करने वाले अधिकारियों तक सभी की प्रतिबद्धता संस्था के उद्देश्यों को धरातल पर साकार करने में अहम भूमिका निभाती है।
दीर्घकालीन सेवाओं के लिए कर्मचारियों का सम्मान करना उनके अनुभव और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं प्रेरणादायी वातावरण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं, मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देना यह संदेश देता है कि संस्था अपने कर्मचारियों के योगदान के साथ-साथ उनके परिवारों की उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को भी महत्व देती है।
ऐसे सम्मान समारोह एवं क्षमता विकास कार्यक्रम कर्मचारियों में अपनत्व, आत्मविश्वास और संगठन के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। साथ ही, अन्य कर्मचारियों को भी ईमानदारी, अनुशासन, नवाचार, गुणवत्तापूर्ण कार्य और निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। यह पहल इस विश्वास को सुदृढ़ करती है कि कर्मचारियों की निष्ठा का सम्मान, उनकी क्षमताओं का विकास, उत्कृष्ट कार्य का प्रोत्साहन और शिक्षा को बढ़ावा देना किसी भी संगठन की दीर्घकालीन सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम में जे.पी. शर्मा, बाएफ सीएमवीसी सदस्य, कमलेश कुमार, वरिष्ठ वित्त कार्यकारी, जे.एल. पाटीदार, संयुक्त मुख्य कार्यक्रम कार्यकारी, सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारी; प्रदेश के विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारी तथा प्रशांत राजवैद्य, अरविन्द श्रीवास्तव, दिशा तिवारी, नेहा, आशना, युवराज रघुवंशी, बलवान एवं मुकेश यादव सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सम्पूर्ण आयोजन एचआडी प्रमुख जितेन्द्र सिंह राजपूत एवं प्रशानिक सहयक मुकेश यादव द्वारा किया गया।

