Advertisement

मेंगरा नवीन से बैरसिया तक गूंजे ‘बम-बम भोले’ के जयकारे 35 किमी पैदल चलकर किया भोलेनाथ का जलाभिषेक

 

राजू गुर्जर,बैरसिया। सावन के पावन अवसर पर सोमवार को युवा भाजपा नेता यतीश शर्मा के नेतृत्व में विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में कावड़एि शामिल हुए। कावड़‌यों ने नरसिंहगढ़ रोड स्थित ग्राम मेघरा नवीन के पास पार्वती नदी से कावड़ में जल भरा और करीब 35 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर बैरसिया स्थित प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरी यात्रा के दौरान ‘बम बम भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

जगह-जगह हुआ कावड़‌यों का स्वागत

कावड़ यात्रा का ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। कावड़‌यिों के लिए कई स्थानों पर पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं भी की गई। लंबी दूरी तय करने के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना रहा और वे भक्ति भाव के साथ यात्रा में आगे बढ़ते रहे।

भूतेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक

बैरसिया पहुंचने के बाद कावड़ यात्रा प्राचीन भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ कावड़ में लाए गए पार्वती नदी के पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।

भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

जलाभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। कावड़ यात्रा के समापन पर आयोजकों ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Loktantra Samachar