Advertisement

अनुसूचित जाति आयोग सदस्य का बैरसिया दौरा, तरावली में करंट से मृत युवक के परिजनों से मिले, बैरसिया में वाल्मीकि महाआरती में हुए शामिल

राजू गुर्जर,बैरसिया। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य बारेलाल अहिरवार ने गुरुवार को बैरसिया विधानसभा क्षेत्र का सघन दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने मंदिर में दर्शन, पीड़ित परिवार से मुलाकात, ग्रामीणों से जनसंवाद और सामाजिक कार्यक्रम में शिरकत की।

दौरे की शुरुआत उन्होंने ग्राम तरावली कलां स्थित प्राचीन सिद्ध शक्तिपीठ माँ हरसिद्धि मंदिर में दर्शन पूजन के साथ की। दर्शन के उपरांत वे उसी गांव में पहुंचे जहां बीते दिनों करंट लगने से युवक स्व. पार्थसिंह पिता राजेन्द्र सिंह की दर्दनाक मौत हो गई थी। आयोग सदस्य ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की, शोक संवेदना व्यक्त की और उन्हें ढांढस बंधाया। मौके पर मौजूद विद्युत मंडल के अधिकारियों को उन्होंने लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा व आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को घटना स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

वहां से वे बैरसिया के ग्रामीण अंचल में पहुंचे। ग्राम हिनोतिया वीरान, जमुसर और जनकपुर में उन्होंने आम नागरिकों, बुजुर्गों और युवाओं से सीधा संवाद किया।

दौरे के अंतिम चरण में वे बैरसिया के टीलापुरा वार्ड क्रमांक 2 पहुंचे, जहां माँ कार्तिका बाल्मिक ग्रुप एवं बाल्मिक समाज द्वारा भगवान वाल्मीकि जी की पूजा महाआरती का आयोजन किया गया था। आयोग सदस्य ने महाआरती में शामिल होकर पूजा अर्चना की। इस दौरान उन्होंने समाज के वरिष्ठ जनों का सम्मान किया और कहा कि वाल्मीकि समाज हमारा गौरव है। उन्होंने ग्रामीणों को सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही स्वरोजगार योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, शिक्षा प्रोत्साहन और आवास योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से लाभ लेने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

Loktantra Samachar