Advertisement

भगवान देवनारायण जन्मोत्सव पर गुर्जर समाज ने निकाली विशाल शोभायात्रा

राजू गुर्जर,बैरसिया। भगवान श्री देवनारायण जी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शुक्रवार को श्री देवनारायण सेवा समिति एवं समस्त गुर्जर समाज के तत्वावधान में नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया। चल समारोह का शुभारंभ सांवलिया मंदिर चौपड़ बाजार से हुआ,जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी प्रांगण पहुंचा। यहां भगवान श्री देवनारायण जी की पूजा-अर्चना के बाद प्रसादी का वितरण किया गया। चल समारोह में भगवान श्री देवनारायण जी के रथ के आगे घोड़ों पर सवार समाजजन हाथों में ध्वजा लेकर चल रहे थे। वहीं डीजे और ढोल की थाप पर युवा उत्साह के साथ थिरकते नजर आए। शोभायात्रा में ऊंट-घोड़ों की आकर्षक उपस्थिति लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अखाड़ों में पहलवानों ने विभिन्न करतबों का प्रदर्शन कर लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

Loktantra Samachar