बैरसिया। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को यादव युवा मंच के तत्वावधान में नगर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रिमझिम बारिश की फुहारों के बीच निकली शोभायात्रा में श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला।
पूरे मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा की शुरुआत यादव धर्मशाला से हुई। गाजे-बाजे और धार्मिक धुनों के साथ निकली
यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सांवलिया मंदिर पहुंची, जहां भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। शोभायात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए।

