Advertisement

श्रीराम बाग हनुमान टेकरी मंदिर प्रांगण में पेवर ब्लॉक निर्माण का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने किया भूमि पूजन,श्रद्धालुओं को मिलेगी आवागमन में सुविधा

राजू गुर्जर,बैरसिया। क्षेत्र के प्रसिद्ध श्रीराम बाग हनुमान टेकरी मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का गुरुवार 20 अगस्त 2026 को जिला पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय मेहर ने विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

करीब तीन वर्ष पूर्व बैरसिया एवं आसपास के क्षेत्रवासियों द्वारा मंदिर परिसर में विशाल यज्ञ का आयोजन किया गया था। उस दौरान आयोजित कार्यक्रम में विनय मेहर ने मंच से सेवा कार्य के रूप में दो लाख रुपये की राशि से विकास कार्य कराने की घोषणा की थी। अब इस घोषणा को साकार करते हुए पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।भूमि पूजन के अवसर पर विनय मेहर ने कहा कि उस समय दो लाख रुपये के सेवा कार्य की घोषणा की गई थी, लेकिन ईश्वर की कृपा से अब घोषित राशि से करीब चार गुना अधिक राशि की व्यवस्था विकास कार्य के लिए की गई है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया जा रहा है।

बताया गया कि निर्माण कार्य की एजेंसी ग्राम पंचायत देवलखेड़ा रहेगी। कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति जारी हो चुकी है तथा निर्माण के लिए आवश्यक राशि पंचायत को प्राप्त हो गई है।

कार्यक्रम के दौरान मेहर ने कहा कि सेवा और विकास के ऐसे कार्य ईश्वर की प्रेरणा से ही संभव होते हैं। उन्होंने कहा, “करता तो वही है, बस आपको और हमको माध्यम बना देता है।”

भूमि पूजन के दौरान श्रद्धालुओं एवं उपस्थित ग्रामीणों ने “श्रीरामचंद्र भगवान की जय” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, जिला पंचायत सदस्य मिश्रीलाल मालवीय, सरपंच,सचिव सहित ग्रामीणजन एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Loktantra Samachar