Advertisement

पनिया गांव पहुंचे विधायक विष्णु खत्री, शिक्षा के लिए 15 लाख की घोषणा पटवारी के वीडियो के बाद अफसरों के साथ गांव पहुंचे विधायक, अतिरिक्त कक्ष व चबूतरा निर्माण के लिए राशि देने का ऐलान

राजू गुर्जर, बैरसिया:-बैरसिया तहसील के पनिया गांव की समस्याएं इन दिनों चर्चा में हैं। एक दिन पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सरकार पर सवाल उठाए जाने के बाद दूसरे ही दिन क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री अधिकारियों के साथ पनिया गांव पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

दरअसल, जीतू पटवारी ने पनिया गांव का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा था कि भोपाल जिले की बैरसिया तहसील का यह दलित बहुल गांव है, जहां मुख्य रूप से अहिरवार समाज के परिवार निवास करते हैं। उन्होंने गांव में एक नहीं बल्कि कई समस्याएं होने की बात कही थी। पटवारी ने कहा था कि वे बच्चों से मिलने गांव जरूर आएंगे, लेकिन इन समस्याओं का समाधान करना सरकार की जिम्मेदारी है।

इसके अगले ही दिन विधायक विष्णु खत्री अधिकारियों के साथ पनिया गांव पहुंचे। विधायक ने ग्राम का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। इस दौरान उन्होंने गांव की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण घोषणा की।विधायक विष्णु खत्री ने पनिया गांव के विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये तथा चबूतरा निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पनिया ग्राम के विकास को लेकर पहले भी निरंतर प्रयास किए गए हैं और कई महत्वपूर्ण विकास कार्य धरातल पर उतारे जा चुके हैं।

विधायक ने कहा कि बैरसिया विधानसभा के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना हमारा संकल्प है। शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Loktantra Samachar