Advertisement

विमुक्त समाज के सम्मान और अधिकारों के लिए सरकार प्रतिबद्ध : विष्णु खत्री ‘विमुक्त उत्सव’ में विधायक ने कहा—विकास की मुख्यधारा से किसी समाज को वंचित नहीं रहने देंगे

राजू गुर्जर,बैरसिया। विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू कल्याण विभाग के तत्वावधान में ‘विमुक्त उत्सव’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक विष्णु खत्री शामिल हुए और विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समाज के लोगों को संबोधित किया।

विधायक खत्री ने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समाज देश की समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। समाज के सम्मान, अधिकार, शिक्षा, रोजगार और सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी वर्ग पीछे न रहे, इसी संकल्प के साथ सरकार कार्य कर रही है।

विधायक ने कहा कि विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू समाज की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उनके कल्याण के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक पहचान को सामने रखने का अवसर भी मिलता है।

कार्यक्रम में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध घुमंतू कल्याण विभाग के संचालक बुद्धेश कुमार वैध, विभाग के संबंधित अधिकारी-पदाधिकारी तथा पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Loktantra Samachar